भूख लगी होगी तो हाथ फैला होगा
क्यूँ बेवज़ह कोई दामन मैला होगा।
मज़दूर लौटा होगा खाली हाथ नहीं
उसके हाथ में इक खाली थैला होगा।
हर मीठा अच्छा नहीं,कड़वा बुरा नहीं
माँ ने खाने में परोसा करैला होगा।
गाँव जाकर देखो प्यार के रंग अजीब
दातुन को हाज़िर नीम कसैला होगा।
असली चीजें कहाँ बहुत चमकती हैं
नदी का पानी तो सिर्फ़ मटमैला होगा।
गाँव के मेले का तो ये नाटक देखो
इसमें इक लैला होगी ,इक छैला होगा।