बालकोनी में कबूतरों का बसर हो रहा है
मेरा मकां धीरे धीरे इक घर हो रहा है।
नहीं मिलतीं सब्जियाँ अब धान के बदले
जो इक गाँव था देखो अब शहर हो रहा है।
रामधन ने ढाली थी इस इमारत की छत
इमारत बसते ही वो दर-ब-दर हो रहा है।
यहाँ सच्ची ख़बरें भला अब आएँगी कैसे
है जो ख़बर लाने वाला ,ख़बर हो रहा है।
इक बहेलिए ने धरा है रूप जो शजर का
बहुत ज़ियादा तनहा इक शजर हो रहा है।