A poem originally written by me in 2018

अब ईद की खीर खाने उनके मकान नहीं जाते

और राखी बंधवाने भाईजान नहीं आते

कभी साथ हर त्योहार मनाते थे

अब तो अलग-अलग रास्तों से जुलूस जाते हैं


वो दिन भी कितने अच्छे थे

जब साथ मनायी थी दुर्गा पूजा प्रसाद भी बांटे थे

ठंड में भी रात को क्रिसमस पर चर्च जाते थे

याद है दरगाह में जाकर साथ इबादत की थी

कितना अपना सा था न वो माहौल,जब

सब एक ही तरह के थे

अब तो शायद सब एक-दूसरे की नजर में 'अलग लोग' हो गये हैं


वो दिन याद है जब 15अगस्त 26जनवरी को साथ-साथ हाथों में झंडे लिए जाते थे

हां पहले लोग बंदूक,तलवार नहीं झंडे पकड़कर यह त्योहार मनाते थे

और पता है

देशभक्ति भाषण मे हमेशा मेरे भाईजान जीत जाते थे


वो दिन,वो लोग आ जाएं

और वही शामें

सुन रहे हो सब तो आ जाओ ना

मुझे पता है जरूर आओगे

आखिर इतना प्रेम जो था सबमें


मुझे याद है वो दिन जिस दिन एक कुत्सित ने मेरे भगवान को गलत कहा था

और आपने उसे अपने खुदा और ईश्वर के समान बताया था

और फिर उस बात को वहीं छोड़कर

हम चले गये थे उस शाम गोला खाने साथ-साथ..

फिर क्रिकेट भी तो खेला था

जब मेरे सिर पे बाॅल लग गई थी और मेरी अम्मा नें मुझे ही डांटते हुए कहा था-ढंग से खेला कर मेरे बेटे का दोष नहीं है

फिर सबने हलवा खाया था


कहते थे हम समय बदल जाए पर ऐसे ही साथ रहेंगे

फिर कहां चले गये सब

ये लोग जो आसपास हैं उनमें तो नफरत है

नहीं रहना इनके साथ

फिर से आ जाओ ना सब

उसी तरह वक्त बिताएंगे गर्मी की शाम साथ-साथ गोला खाते....

©निकिता श्रीवास'तमन्ना'