सतना की बेटी
क्या चीख सुन उस बाध्य बाला की
हृदय नहीं दुखा था
क्या देख लहू से सने वस्त्र
पौरुष नही झुका था
क्या सोच के उस विभत्स दृश्य को
शौर्य नही दहला था
क्या जान के उसकी पीड़क व्यथा
न्याय नहीं पिघला था
भटक रही थी आस मांगती
दर-दर घायल कदमों से
क्या फटी नही थी छाती
याचना कर रही थी जब जन-जन से
जब आंसू मिश्रित लहू अधरों से
पीड़ा से बहते जाते थे
क्या एक क्षण भी मारे शर्म के
जीवन नहीं रुका था
जब समझ भिखारन उस बेटे ने
बंद किए थे द्वार
क्या उसकी मां के कोख को
उस पल लांछन नहीं लगा था
जब कातर दृष्टि पूछ रही थी
क्या था उसका अपराध
क्या गूंगी बहरी मानवता का
अस्तित्व नहीं सिहरा था
क्या लहू नहीं खौला था
सुन के जो बीती उसपर
क्या फड़के नहीं थे बाजू
जब कांपी होगी वो थर थर
कितना करुण वो क्रंदन होगा
कितना वो तड़पी होगी
दया की भीख मांग मांग के
गले में सिसकी अटकी होगी
कैसा वो पापी होगा जिसको
ना आई तनिक भी लाज
जिस नारी को पूजता है जग
उसी की लूट ली लाज
धिक्कार तुझे ए मानव जाति
क्यूं अब तक निष्क्रिय खड़ा है
लाज लूटे जहां नारी की वहां
समझो पुरुषत्व मरा पड़ा है
उठो, की गर थोड़ा सा भी
है बचा आंख में पानी
उठो, की गर अभी भी तेरी
लहू में बची रवानी
उठो, की आने वाली नस्लें तुमको
नहीं करेंगी माफ
गर छली गई उस बेटी को
नहीं मिला इंसाफ
~ नन्दन
