सीने में तेरा प्यार लिए
दुर्गम बीहड़ में अड़ जाऊं
माथे पे माटी तेरी लगा
मैं देवों से भी लड़ जाऊं
ए देश मेरे अब तू ही बता
क्यूं प्राण मिला बस एक मुझे
जो मिलते असंख्य, मैं लेता प्रण
हर प्राण बलि हो तेरे लिए

नस नस में भरा फौलाद मेरे
सासों में मेरी ज्वाला है
मैं भारत मां का बेटा हूं
मुझे तूफानों ने पाला है
ए देश मेरे अब तू ही बता
अब ललकारेगा कौन मुझे
हो कलम से या शमशीरों से
आता है जब प्रतिकार मुझे

और एक नहीं हर बेटा तेरा
रणभेरी सा ये कहता है
गर आंख उठी जो कोई इधर
हर घर में अर्जुन रहता है
ए देश मेरे अब तू ही बता
क्या सोच भी कोई सकता है
जो लांघे तेरी सीमा को
कण कण जब पौरुष बसता है

~ नन्दन