"मन गिलहरी"


मन गिलहरी ने भावना के

कितने बीज छुपा रखे है

मन की मिट्टी में...

और हर रिश्ता उन

अहसासों के बीजों को हररोज

अपनत्व की गरमाहट से सींचता रहता है ...


कई बार गिलहरी आपात काल के लिए

छुपाती है , एक बीज जमीन के हृदय में

जिसे वो खुद ही छुपा कर भूल जाती है

ये बीज वक्त के साथ, एक विशाल पेड़ की

शक्ल में उभर आता है और फिर वो

अपने आशियानें में कितनी ही गिलहरियों

को अपनाकर, अपनी शाखों पर

उछल कूंद करते हुए , करने देता है मनमर्ज़िया ।


ये पेड़ मुझे पिता जैसे लगते है

जो समझते है, गिलहरी की चंचलता

उसके मन की चंचलता को

इसीलिए उड़ान के पंख थमा

आज़ाद रखते है , अपनी दुनिया गढ़ने को ।...


                                   -©नेहा दुबे