कुछ सोचना पडेगा मेरी गाँव की यादों को शब्दों में बाँधने का किस किस लम्हें को बाँधू .. एक नहीं कई रस्सियाँ है यादों की जो मुझे अपनी ओर खींचती हैं। - एक रस्सी बाँधती है मुझे Handpump के उस डंडे से जहाँ गिरते पानी से भरती है कई गगरियाँ मेरी यादों की। - एक याद की रस्सी छींके पर लटकी है, चूल्हे पर सिकते होरो( चनाबूट) के पास, जहाँ गरमाती है मार्च की हल्की सर्दी में नानी की चार राजकुमारो की कहानी। - एक रस्सी बाँधे है मुझे नाना की ऊपर वाली अटारी से जहाँ मुंगफलियों की बोरियाँ होती थी वही पर गिरती है कई मुंगफलियाँ दोपहर की यादों मे , चुपके से किए ऊँगली के छेदो से। - एक रस्सी बँधी है मेरी कुँए वाले खेत की मेढ पर जहाँ खुरपी से खुरेद कर कुछ यादें मिट्टी लगी गाजर और मूली के साथ बाहर निकलती है। - एक रस्सी ले जाती है नदी किनारे वाले खूंटे पर, जहाँ पानी के संग बहती है सुबह की कुछ यादें मेरे मन की । - एक रस्सी ले जा कर शामिल कर देती है गुड्डा- गुडिया की बरात के बरातियों मे। - एक रस्सी बेरिया के बेरो से उलझी है मेरी यादों की, जो कुछ कच्चे-पके बेरो का खट्टा-मीठा स्वाद बन मुँह मे घुलता है। - एक याद की रस्सी सेठी मामा की दुकान से भी बँधी है मेरी, जहाँ गेंहू और सरसों के तराजू तौल से खुशी भर चीज़े बिकती थी।