कौन कहता है ?? प्यार सिर्फ़ एक बार होता है एक चीज़ से होता है, एक चेहरे से होता है, मैं ठुकराती हूं इसे , क्योंकि मुझें प्यार हर रोज़ होता है, दिन में कई बार होता है। उस सुबह से जब वो भाग कर दिन को पकड़ने के लिए, भीड़ को चीर कर मेट्रो में दाखिल होती है, भीड़ जिसे मैं कई बार कोसती हूं, हाँ मुझे प्यार हो जाता है, एक बार फिर से उस सुबह से,उस भीड़ से, भागती जिंदगी से, हाँ मुझे प्यार हो जाता है। उस शाम से जब वो दिन की थकान समेटे, मेरे हाथ में चाय का कप थमा हवा के साथ फुर्सत लिए मेरा वक़्त मुझे लौटा कर जाती है, हाँ मुझे प्यार हो जाता है,एक बार फिर से उस शाम से, उस ठहराव से, ढलते सूरज से, हाँ मुझे प्यार हो जाता है। उस सोच से जब वो मन के भावों से आधे अधूरे शब्दों में उठ एक कविता में, मेरी डायरी के पन्नों पर अपनी जगह बनाती है, हाँ मुझे प्यार हो जाता है, एक बार फिर से उस सोच से,उस ख्याल से, कविता से , अपने लिखने से, हाँ मुझे प्यार हो जाता है। उस आवाज़ से जब वो मुझे आँखे बंद करने का कह कहानी के किरदार में खोने का कहती है, अपना हिस्सा जीने को कहती हैं, हाँ मुझे प्यार हो जाता है, एक बार फिर से उस आवाज़ से, उस याद शहर से, कहानी से, हाँ मुझे प्यार हो जाता है। हाँ मुझे प्यार हो जाता है खुद से एक बार फिर से, पहले से भी ज्यादा। -नेहा दुबे।