नियोन लाइट के खंभे
उसकी रोशनी में दब जाते हैं
वे दिखाई नहीं देते और
हम दृश्य यों बदला पाते हैं
रोशनी के कुछ गुच्छे जैसे
हवा में ही लटक जाते हैं
बड़े लोगों के पीछे
छोटे लोग नज़र कब आते हैं
क़द उनका दब जाता है
और यूँ बड़े ही बड़े छा जाते हैं
और यूँ ये बड़े आदमी
आदमक़द से भी बड़े हो जाते हैं
कुछ ऐसा ही होता है
आम आदमी की न्यायप्रियता को अचंभा
बड़ी-बड़ी जगहों पर बड़े-बड़े निर्णय
जब चाय के साथ लिए जाते हैं चबा
उसकी आशा यूँ दब जाती है
जैसे नियोन लाइट का खंभा।