कोख का किराया क्या दूँ माता मक़ान का किराया तो दे नहीं पाता मुझसे तो अब नहीं सँभाला जाता प्रारब्ध रोज़ है पत्नी से लड़ाता बड़ी मुश्क़िलों से मैं हूँ जुटाता और पहनने-खाने का सामान लाता जीवन रोज़ ज़हर के घूँट पिलाता कोख का किराया क्या दूँ माता   क्या करूँ उसे कुछ नहीं भाता उसे तो सोना ही सुकून दिलाता काश मुझे भी छलना आता तो उसे सोने से लदवाता और तुझे दवा क्या अमृत पिलाता कोख का किराया क्या दूँ माता   ऐड़ी-चोटी का ज़ोर लगाता भाग्य-शिला को काश हिला पाता मेरी प्रतिभा पर, हे विधाता! क्यूँ कोई नहीं पतियाता क्या दीपक आंधी को है हराता कोख का किराया क्या दूँ माता   मेरा इतना बड़ा अहाता काश तुझे एक कोना दिलाता पर उसको मैं कैसे मनाता तुझ को घर में कैसे लाता दो टुकड़ों में फिर बँट जाता कोख का किराया क्या दूँ माता   यही सोच के रोना आता अपने आँसू रोक न पाता कि कैसी है मेरी तू माता इतना सबकुछ होता जाता पर तुझे है प्यार ही आता कोख का किराया क्या दूँ माता   काश मैं भी माता बन जाता अपनी कोख में तुझे सजाता ऐसा कर मातृ ऋण चुकाता जब भी मैं सोने को जाता तेरा चेहरा भुला नहीं पाता कोख का किराया क्या दूँ माता   कोख का किराया क्या दूँ माता मक़ान का किराया तो दे नहीं पाता