मेरे पी-घर की रसोई ने मुझे बुलाया होगा खनकती चूड़ियों की याद सिलबट्टे को आई होगी रसोई की ड्योढ़ी ने आँगन में झाँका होगा फिर आंगन में मेरे आँचल सी घटा छाई होगी यूँ ड्योढ़ी ने विरहा के आँसू बहाए होंगे फिर मेरे पी-घर की रसोई ने मुझे बुलाया होगा   आंगन में खड़े नीम पर, कौवे ने शोर मचाया होगा कोई जूठी रोटी, जब उसे नज़र न आई होगी पत्तियों से झाँक कर, बाहर निकल आया होगा रसोई के बाहर, रोटी-वाली फिर भी न आई होगी तो फिर उसने चीख-चीख कर मुझे बुलाया होगा फिर आंगन में खड़े नीम पर कौवे ने शोर मचाया होगा   कपड़ों की गठरी संग पड़ोसिनों का झुंड आया होगा मुझ पर दो-चार बातें आपस में ही बताई होगी मेरा पता शायद, गुजरते पथिक से पूछा होगा फिर उस पनघट पर, एक खामोशी छाई होगी किसी ने फिर न मेरा किस्सा दोहराया होगा फिर कपड़ों की गठरी संग पड़ोसिनों का झुंड आया होगा   जब उनके कमरे की ज्योत, बुझ गई होगी तो किसी ने लालटेन न जलाया होगा थके हारे से जब भी लौटे होंगे वो हाय! किसी ने प्यार से मुँह भी न धुलाया होगा वो रात भी तो उनके लिए नई होगी फिर उनके कमरे की ज्योत बुझ गई होगी   मेरी पायल की खनक को दहलीज़ ने बुलाया होगा तो कदमों को पीहर से पी-घर बढ़ाती हूँ आंगन की हवा, सखियों की बातें, चूल्हे की आग इनकी सोचकर, मैं रुक नहीं पाती हूँ   पर ये क्या! कदम अपने आप थम से जाते हैं सोचकर कि क्या उन्हें मेरा चेहरा याद आया होगा क्या सच में पी-घर की ड्योढ़ी ने मुझे बुलाया होगा