अमिताभ : एक पिता की नज़र से कविवर हविरवंशराय बच्चन की आत्मकथा पढ़ते हुए ऐसे बहुत से रोचक प्रसंग आते हैं जो अमिताभ से जुड़े हैं और क्यों न हो, पिता का पुत्र पर विशेष स्नेह जो था। उनकी आत्मकथा के चौथे खंड के लगभग आधे से अधिक हिस्से पर अमिताभ बच्चन की छाप मिलती है। आइए आज महानायक के जन्म की हीरक जयंती पर हम आपको कविवर बच्चन की स्मृतियों में से कुछ रोचक प्रसंगों की यात्रा पर ले चलते हैं जो आपको भुलाए नहीं भुलेंगी। (1) जन्म और जन्मदिन चूँकि बात अमिताभ बच्चन के जन्मदिन की हो रही है तो आइए पहले उन्हीं के जन्म और जन्मदिन से जुड़े कुछ किस्से देखते हैं। अमिताभ के जन्म से ठीक पहले उनके दादाजी की बर्सी थी और कविवर बच्चन अपने पिता को याद करके बहुत व्याकुल हो रहे थे। जिसका नतीजा यह हुआ कि ठीक 11 अक्तूबर के ब्रह्ममूहूर्त में कविवर ने अपने पिता को एक अत्यंत सजीव स्वप्न में देखा। उन्होंने सपने में देखा कि उनके पुश्तैनी मकान की पूजा वाली कोठरी में कविवर के दिवंगत पिता मास परायण के पाँचवें विश्राम का पाठ कर रहे हैं, जिसमें मनु और उनकी पत्नी शतरूपा की तपस्या से प्रसन्न हो भगवान विष्णु उनसे वर माँगने के लिए कहते हैं और वे वर माँगते हैं कि ‘चाहऊँ तुम्हहि समान सुत’ (आपके समान पुत्र चाहिए)। जबकि उसी कोठरी के बाहर बैठे कविवर अपनी पत्नी के साथ हाथ जोड़े पाठ सुन रहे थे। तभी अचानक उनकी पत्नी ने उन्हें झकझोर कर नींद से उठाया और उनके पेट में हो रहे दर्द की जानकारी दी। जागने के बाद भी कविवर यह तय नहीं कर पा रहे थे कि सपना कितना सच्चा और कितना झूठा है। अपने पिता के मुख से कविवर को ये शब्द – ‘आप सरिस खोजौं कहौं जाई। नृप तब तनय होब मैं आई।।’ - इतने स्पष्ट सुनाई दिए कि उन्होने उठने के बाद तुरंत अपनी पत्नी से कहा कि तुम्हें लड़का ही होगा और उसमें मेरे पिता की आत्मा आ रही है। उसी दिन अत्यंत प्रसव-वेदना के उपरांत तेजी बच्चन जी ने 9 पाउंड के हमारे इन महानायक को जन्म दिया। उनके जन्म के उपरांत, पिता बनने के इस असीम आनंद का हर्ष प्रकट करते हुए कविवर ने यह कविताई रची:-   फुल्ल कमल, गोद नवल, मोड नवल, गेह में विनोद नवल। बाल नवल, लाल नवल, दीपक में ज्वाल नवल। दूध नवल, पूत नवल, वंश से विभूति नवल। नवल दृश्य, नवल दृष्टि, जीवन का नव भविष्य, जीवन की नवल सृष्टि। बाद को उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि अमिताभ की उपस्थिति उन्हें अपने पिता की उपस्थिति का आभास कराती है। अपनी आत्मकथा सुनाने के दौरान बच्चन जी ने कविता की इन पंक्तियों तब दुहराया है जब वे अभिषेक के जन्म का प्रसंग सुना रहे थे। इसके अलावा उन्होने श्वेता (जिनका नाम उन्होने श्वेतांबरा रखा था) के लिए लिखी बाल कविताओं को भी उद्धृत किया है। इन बाल कविताओं को जोड़कर श्वेता के किसी जन्मदिन पर भेंट भी किया। इस प्रकार कई-कई अवसरों पर उन्होने कविताएँ लिखीं हैं और अपने पुत्र-पोते-पोतियों को भेंट किया। बच्चन परिवार की ऐसी परंपरा रही है कि परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन पर अन्य सदस्य उसे उपहार भेंट करते हैं। यह परंपरा तेजी बच्चन द्वारा शुरू की गई थी। परिवार के अन्य सदस्य तो भेंट स्वरूप कुछ न कुछ खरीदकर लाते ही थे जैसे नटराज की मूर्ति या राधाकृष्ण की एकल मूर्ति इत्यादि, परंतु कविवर बच्चन के लिए उनके शब्दों से अनमोल कुछ भी नहीं था इसलिए वे भेंट स्वरूप प्राय: कविता लिख कर देते थे या अपनी कोई नवप्रकाशित पुस्तक भेंट किया करते थे। इसी प्रकार अमिताभ के तीसवें जन्मदिन पर भेंट की गई कविता देखिए :- प्रिय अमित हुए तुम तीस, [आज कविवर होते तो कहते ‘पच्चहतर’] हमारा प्यार, बधाई तुमको। देने आईं आशीष राधिका बनी कन्हाई तुमको! वरमाला पिन्हाई शीघ्र तुम्हारी कीर्ति- लुगाई तुमको। दरअसल इस जन्मदिन पर परिवार ने उन्हें संगमूसा की एक मूर्ति दी थी जिसमें राधा ने कृष्ण रूप धारण किया था और इसलिए कविता में ‘राधिका बनी कन्हाई’ कहा गया है। ‘कीर्ति-लुगाई’ में दो अर्थ हैं – कीर्ति रूपी लुगाई या कीर्ति और लुगाई दोनों से अपेक्षा की गई है कि वे वरमाला पहनाएँ। हुआ भी वही जो कविवर ने भविष्यवाणी की। इसी उम्र में अपार यश और जया रूपी पत्नी, दोनों ही ने उन्हें वरमाला पहनाई। इसी प्रकार यह एक कविता भी देखिए जो कविवर ने सन 1994 में अमिताभ के जन्मदिन पर लिखी थी। उन दिनों ‘कभी-कभी’ की शूटिंग के लिए अमिताभ अपने पूरे परिवार सहित श्रीनगर के ओबेराय पैलेस होटल में ठहरे थे। ‘धन्य भाग जागती-तल तासू। पितहिं प्रमोद चरित सुनि जासू॥‘ - तुलसी जयति तेजी सुवन, जयति श्री जयापति जयति श्वेता पिता स्नेह-जेता! जयति अजिताभ-भ्राता-सहोदर अमिताभ श्रेष्ठाभिनेता! जयति मेरे शुभाशीष साकार सौभाग्य शृंगार कल्याणकारी। देश-जग कीर्ति विस्तार रक्षक तुम्हारे रहें मंगलामय मुरारी। जयति शुभ जन्मदिन बीच कश्मीर डल झील के तीर गिरिमाल छाये। पूर्ण परिवार यह वार सुखसार हर साल इसी भाँति मिलकर मनाए! भेंट हम आज नटराज की मूर्ति करते तुम्हें गो उसे हम यहाँ पर न लाए। कामना-जो कला-काल के देवता वे तुम्हारे रहें नित्य दाएँ। कविता से ही यह पता लग जाता है कि इस बार परिवार ने उन्हें नटराज की मूर्ति दी थी। यह पीतल की बड़ी सी मूर्ति थी जिसे दिल्ली में खरीदा गया था और जिसे श्रीनगर ले जाने और फिर श्रीनगर से वापस दिल्ली लाने के झंझट से बचने के लिए श्रीनगर ले जाया ही नहीं गया था, जबकि मूर्ति को जाना तो अंततः बं(मुं)बई था। (2) मन का हो तो अच्छा, न हो तो और भी अच्छा बात उन दिनों कि है जब अमिताभ अपने छोटे भाई अजिताभ के साथ शेरवुड में पढ़ते थे और मार्च में जाकर दिसंबर में लौटते थे। इस बीच बच्चन दंपती हर तीन महीने पर दो-दो हफ्ते के लिए नैनीताल जाकर उनसे मिलती थी। अक्तूबर के वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चे कुछ कार्यक्रमों में भाग लेते थे जिसे यह दंपती सराह आती थी। पिछले साल वार्षिकोत्सव पर गोगोल के नाटक ‘इंस्पेटर जनरल’ का मंचन किया गया था जिसमें 15 वर्ष के अमिताभ को 45 वर्ष के मेयर की भूमिका अदा करनी थी और उन्होने की, और इतना डूबकर और आत्मविश्वास के साथ की कि नाटक के अंत में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता को दिया जानेवाला ‘केंडल कप’ उन्हें प्रदान किया गया। दर्शक दीर्घा में बैठी बच्चन दंपती गदगद हो उठी। इस वर्ष फिर से अमिताभ नाटक में अभिनय करने वाले थे और अजिताभ रेसिटेशन में भाग लेने वाले थे। परंतु इस वर्ष तेजी बच्चन एक महायज्ञ में व्यस्त थीं। वह महायज्ञ था बच्चन द्वारा अनूदित मैकबेथ का मंचन। खैर, नाटक मंचन की तैयारी में आकंठ डूबी तेजी बच्चन के कारण कविवर को इस वर्ष अकेले ही जाना पड़ा। मगर वहाँ पहुँचे तो देखा कि अमिताभ की तबीयत ठीक नहीं है और दो दिन से बुखार में है। परंतु इस बीमारी के बावजूद अमित अपना पार्ट अदा करने के लिए बेचैन थे। अमित को पूरा विश्वास था कि इस बार भी ‘कैन्डल कप’ वे ही जीतेंगे। मगर उनकी प्रिन्सिपल लेवलिन ने ऐसी हालत में उन्हें नाटक खेलने अनुमति नहीं दी और वह पार्ट किसी और को दे दिया। वे नाटक से ज़्यादा आनेवाले इम्तिहानों में अमिताभ के प्रदर्शन के लिए चिंतित थीं। खैर, जब नाटक खेला जा रहा था तब यहाँ बिस्तर पर पड़े हमारे छोटे से महानायक नाटक के एक-एक दृश्य का शिद्दत से बखान कर रहे थे। अपना ही नहीं बल्कि हरेक किरदार का डायलोग उन्हें पूरी भावभंगिमा सहित कंठस्थ था और बगल में बैठे अपने पिता को ऐसे सुना रहे थे जैसे किसी मैच की कमेंटरी सुना रहे हों। अब नाटक शुरू हुआ होगा...अब खत्म ...और अब कैन्डल कप ....अब प्रिंसिपल ने अपना धन्यवाद-भाषण दिया होगा। अमित व्यथित थे कि पता नहीं अपने भाषण में प्रिन्सिपल ने उनका नाम लिया होगा कि नहीं, पता नहीं उन्होने दर्शकों को बताया होगा कि नहीं कि वे फलां पार्ट अदा करनेवाले थे और बीमार पड़ने कारण नहीं निभा पाए। यह कहते-कहते अमिताभ अत्यंत निराश हो उठे, उनकी उदासी देखकर उनसे भी ज़्यादा कविवर निराश हो उठे। उस दिन कविवर ने अमिताभ को अपनी उस फिलोसफी से दीक्षित किया जो उन्होने अपने लिए बनाई थी। अपने मन का हो जाए तो अच्छा, न हो जाए तो ज़्यादा अच्छा! (क्योंकि तब जो होगा वो ईश्वर के मन का होगा और ईश्वर हमसे ज़्यादा जानता है कि हमारे लिए क्या उपयुक्त है) ज़रा सोचकर देखिए कि उस समय ‘केंडल कप’ के लिए और प्रिंसिपल द्वारा सार्वजनिक सहानुभूति के लिए व्यथित अमिताभ ने और कविवर ने भी, यह कभी नहीं सोचा होगा कि अमिताभ आगे चलकर कितने बड़े-बड़े सम्मान प्राप्त करेंगे और सर्वप्रिय बनेंगे।   (3) ‘हीरो’ शायद मैं नहीं बन सकूँगा आज के महानायक का वह प्रारंभिक असफलताओं का दौर था जब ‘आनंद’ में अपने अच्छे प्रदर्शन के कारण, उन्हें कई प्रोड्यूसरों ने अपनी फिल्म में बतौर हीरो का काम दिया और उन्होंने अपनी अनुभवहीनता या शायद आर्थिक आवश्यकताओं से विवश हो, कई ऐसी फिल्में साइन कर लीं, जिनके सफल होने की कोई संभावना नहीं थी। नतीजतन ‘बाम्बे टु गोवा’ की आंशिक सफलता के बाद ‘प्यार की कहानी’, ‘संजोग’, ‘परवाना’, ‘गहरी चाल’, ‘बंसी बिरजू’, ‘एक नज़र’, ‘बँधे हाथ’, ‘रास्ते का पत्थर’ जैसी फिल्में एक के बाद एक धड़ाधड़ खाई में जा गिरीं। अंदाज़ा लगाइए कितनी मेहनत, कितनी प्रतिभा का बंटाधार हुआ होग। वो हुआ सो हुआ, इतनी असफलताओं के बाद किसी भी मनुष्य की मानसिक हालत क्या हो जाए? किसी पक्के, घुने हुए खिलाड़ी की छोड़िए भला एक नए-नए अभिनेता की भला क्या दशा हो? परंतु अमिताभ लगे रहे और ऐसे समय में उनकी माँ उनका बहुत बड़ा सहारा थीं। जब भी वे थके-हारे घर लौटते तो वे उनको पास बिठाकर उनके सर पर हाथ फेरती और ढाँढस बँधाती। मगर दोनों बच्चे कभी अपनी चिंताएँ कविवर से नहीं बताते थे। फिर भी एक दिन उन्होंने अमिताभ को अपनी माँ से कहते हुए सुना – “ ‘हीरो’ शायद मैं नहीं बन सकूँगा। अब मैं ‘कैरेक्टर रोल’ पर उतर आना चाहता हूँ।” महानायक के ये शब्द सुनकर अब तो हँसी ही आ जाती है। लेकिन उनके जीवन में निराशा का एक दौर यह भी था। उत्कट, जिजीविषा से पूर्ण और संघर्षरत सभी लोगों के जीवन में यह दौर आता ही है, जब निराशा अपने एकदम निचले तल तक पहुँच जाती है और एक रास्ता छोड़ दूसरा अपना लेने का मन करता है। मगर ऐसे में भी जो अडिग रहता है बस वो ही तो महानायक बनता है। (4) मैं अपना नाम काग़ज़ पर छपा देखना नहीं चाहता यह प्रसंग इमर्जेंसी का है। कविवर ने गांधी परिवार से अपनी निकटता के कारण उठाई गई कठिनाइयों का आत्मकथा में बारहा वर्णन किया है। इमर्जेंसी के दौरान गांधी परिवार को समर्थन देना उन्हें बड़ा भारी पड़ा। उन दिनों राजनीति से तटस्थ रहने वाले अमिताभ बच्चन को भी इस निकटता का खामियाज़ा भुगतना पड़ा था। इमर्जेंसी के दौरान सिने पत्रिकाओं पर यह कह कर रोक लगा दी गई थी कि वे मसाला छापने के लिए कुछ भी ऊल-जलूल छापती है। मीडिया ने मान लिया कि कहीं न कहीं अमिताभ ने ही गांधी परिवार से निकटता का फायदा उठाते हुए यह प्रतिबंध लगवाया है। फलस्वरूप उनका मीडिया ने कुछ इस तरह बायकॉट किया कि प्रिंट मीडिया से उनका नाम धो डाला। यह मानी हुई बात है कि सिने जगत में टिकने के लिए सुर्खियों में थोड़ा-बहुत आते रहना ज़रूरी है। मगर मीडिया ने उनकी ऐसी उपेक्षा की कि उनकी फिल्मों के बारे में बात करते समय भी उनका नाम न लेती थी। इस सब के बावजूद अमिताभ बच्चन ने अपने आपको सिने जगत में प्रस्थापित किया और उसी दौर में एक से एक हिट फिल्में दीं। उनका कहना था – मैं अपना नाम काग़ज़ पर छपा देखना नहीं चाहता, मैं अपना काम पर्दे पर अंकित दिखाना चाहता हूँ। जो उन्होने कर दिखाया।   (5) अमिताभ बच्चन के बाप हैं बात उन दिनों की है जब ‘सत्ते पर सत्ता’ फिल्म के कुछ दृश्य श्रीनगर में फिल्माए जाने थे और पूरा बच्चन परिवार वहाँ मौजूद था। उसी समय रेडियो कश्मीर के निदेशक श्री नैयर ने कविवर को एक रोडियो प्रोग्राम के लिए आमंत्रित कर लिया जिसमें कश्मीर के कुछ साहित्यकारों के साथ उनकी बातचीत रिकार्ड की जानी थी। इसी बातचीत के दौरान कविवर से किसी ने बड़ा ही टेढ़ा प्रश्न पूछ दिया – ‘बच्चन साहब, एक वक्त था, बल्कि अभी भी है कि आप ‘बच्चन’ के नाम से जाने-पहचाने जाते हैं, लेकिन वह वक्त भी आया कि आपके साहबज़ादे फिल्म इंडस्ट्री में आए। तो बाप की हैसियत से यह अच्छा लगेगा कि बच्चे ने इतनी तरक्की की। लेकिन जब वह अपने बच्चे के नाम से पहचाना जाने लगे, तो कैसा महसूस होता है, आपको कैसा महसूस होगा कि कोई कहे कि आप अमिताभ बच्चन के बाप हैं।’ सवाल इतना भी टेढ़ा नहीं है, बल्कि स्वाभाविक ही है, क्योंकि मैंने भी यह लेख लिखते समय इस कठिनाई का अनुभव किया कि दोनों ही बच्चन अपने-अपने क्षेत्र के महारथी हैं तो भला किसको कैसे संबोधित करूँ कि पाठक को स्पष्ट रहे कि किसकी बात हो रही है और साथ ही दोनों की गरिमा को ठेस भी न लगे। खैर, जनाब, प्रश्न जितना रोचक था, जवाब उससे भी ज़्यादा रोचक था –‘ साहब, मुझे बहुत खुशी होती और मैं अपनी सारी कविता अपने बेटे के ऊपर, अपने बेटे की कला के ऊपर निछावर कर सकता हूँ। अगर मुझसे कोई पूछे कि आपने सबसे अच्छी कविता कौन लिखी है तो मैं कहूँगा मैंने अमिताभ लिखा। आप कहेंगे, बाप बोल रहा है, मगर बाप क्यों न बोले।’ (6) अमिताभ द्वारा लिखित कविता आपको याद होगा, आपको क्या सारी दुनिया को याद होगा कि अमिताभ ‘कूली’ शूटिंग के दौरान भयंकर रूप से घायल हो गए थे, कुछ इतनी भयंकर रूप से कि जिस रात वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे और उनका बच पाना मुश्किल लग रहा था, एकाध हिंदी पत्र ने समाचार देने की अगुवाई की होड़ में छाप दिया – ‘अमिताभ दिवंगत:’। परंतु लोगों का प्यार और दुनिया भर की अशेष शुभकामनाओं ने अमिताभ को स्वस्थ कर दिया और मेरी भी कामना है कि वे और चिरायु होवें। परंतु उस समय तो चारों ओर दर्द और चिंता का माहौल था। लाखों घरों में दुआएं पढ़ी जा रही थीं और पूजा-पाठ चल रहा था। ऐसे में डॉक्टरों और नर्सों के बीच, पीड़ा और कष्ट झेलते अमिताभ कैसा महसूस कर रहे थे? इस बात को अमिताभ ही जानते हैं और उन्होने ही इस कष्ट को अकेले सहने की बड़ी मार्मिक अंग्रेजी कविता लिखी :- Outside – Inside Outside Black Granite ugly rocks, Turbulent mud-laden sea– Dark frightening clouds hovering above – Inside Whiteness, purity Clean sheets, soft pillows Gentle care, soft words Solitude And my agony– Amitabh Bachchan Breach Candy Hospital I.C.U. Room No. 1 – Bombay 29 August 1982   (7) एक पिता की इच्छाएं कविवर बच्चन बड़े चाव से बताते हैं कि किस प्रकार अमिताभ उनकी मज़ाक में भी कही बातों को पूरा करने में लग जाते थे। ऐसे ही एक बार कविवर ने हल्के में ही कह डाला कि वे अपनी डाक्टरेट की रजत जयंती केम्ब्रिज में मनाना चाहते हैं और ऐसा कहकर भूल भी गए। मगर अमिताभ नहीं भूले, मन के किसी कोने में उसे रेखांकित करते रहे और योजना बनाने लगे कि सन 1979 में उन्हें इंग्लैंड कैसे ले जा सकें। प्रसंगवश बता दूँ कि कविवर बच्चन ने सन 1954 में केम्ब्रिज से डॉक्टरेट की उपाधि ली थी। फिर एक समय आया कि ‘दोस्ताना’ फिल्म की कुछ शूटिंग इंग्लैंड में कराई जानी थी। अमिताभ ने इसे आड़े हाथों लिया और शूटिंग को अगस्त-सितंबर के लिए नियत करवा लिया। इस प्रकार परिवार सहित शूटिंग के लिए जाकर उनहोंने पिता का यह मनोरथ भी सफल किया। बच्चन की आत्मकथा पढ़ने वाले पाएंगे कि इंग्लैंड की इस यात्रा के दौरान कविवर बच्चन की अपनी यादें और स्मृतियां भी काफी रोचक हैं, विशेषकर वह प्रसंग जब वे पी.एच.डी का गाउन खरीदकर पहनते समय किसी बच्चे की तरह पुलकित हुए, क्योंकि पच्चीस साल पहले जब उन्होंने पी.एच.डी की डिग्री ली थी, तब उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वे गाउन खरीद सकें। इसलिए इस बार गाउन पहनकर, सेंट कैथ के सामने खड़े होकर, फोटो खिंचवाई। चलते – चलते कविवर की कुछ और इच्छाओं के बारे में सुनते चलिए। न जाने क्यों, मगर उनकी आत्मकथा पढ़ते समय दो जगह ऐसा लगा जैसे वे अमिताभ को संबोधित कर अपनी इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। पहली दफा तब जब उन्होंने बताया कि शेक्सपियर के ‘हेमलेट’ का अनुवाद कर उसे उन्होनें अमिताभ को इन शब्दों के साथ समर्पित किया- “अपने बेटे अमिताभ को जिसने मेरे हिंदी ‘ओथेलो’ के प्रथम प्रदर्शन में कैसियो की भूमिका अदा की थी, और जो, मुझे आशा है, किसी दिन मेरे हिंदी हैमलेट के प्रदर्शन में हैमलेट की भूमिका अदा करेगा।’ कविवर बच्चन का कहना था कि कई अभिनेता ऐसे हैं जो सिने जगत के साथ नाट्य मंचन में भी सक्रिय हैं और अमिताभ को तो उन्होंने अपने नाटकों में बखूबी पार्ट अदा करते देखा ही था और शायद इसलिए उन्हें यह अपेक्षा थी कि उनका यह सपना भी एक दिन पूरा हो सकेगा। दूसरी दफा तब जब उन्होंने ने अपनी अत्मकथा का पहला भाग ‘क्या भूलूँ, क्या याद करूँ’ की प्रति अमिताभ को भेंट करते हुए उस पर लिखा था – ‘प्यारे बेटे अमित को, जो मुझे विश्वास है, जब अपनी आत्मकथा लिखेगा, तो लोग मेरी आत्मकथा भूल जाएंगे।’ कविवर बच्चन का कहना था कि ‘अमित अपनी बात को अपनी तरह से कहने की कला जानते हैं – उनका अंग्रेजी और हिंदी पर भी समान अधिकार है।’ कविवर अमिताभ की लेखन कला से इतने आश्वस्त थे कि वे अमिताभ से आत्मकथा लिखने की अपेक्षा रखते थे। निश्चय ही अगर अमिताभ अपनी आत्मकथा लिखें तो वह अत्यंत रोचक होगी। कविवर बच्चन की आत्मकथा में जाने कितने ही और रोचक प्रसंग मौजूद हैं जिन्हें यहाँ समेट पाना संभव नहीं। अभी के लिए महानायक की हीरक जयंती की शुभकामनाओं सहित पाठकों के समक्ष बस इतना ही। *****