शांति दूत-श्री कृष्ण
             (नीरज शर्मा)

पाण्डव लौटे पूर्ण कर वनवास, इन्द्रप्रस्थ पाने की उनको थी आस।

भगवन बोले मैं जाऊंगा, हस्तिनापुर को जा वचन याद कराऊंगा।

दे संदेशा दूत हस्तिनापुर भिजवाया, प्रभु आएंगे धृतराष्ट्र को बताया।     

माधव हस्तिनापुर जा पहुंचे, कहने क्या आए हैं सब यही सोचें ।

प्रभु का सबने स्वागत किया, भरपूर मान सम्मान उनको दिया।

हरि ने आने का औचित्य बताया,धृतराष्ट्र को जा शांति संदेश सुनाया।

दे दो इन्द्रप्रस्थ सिंहासन,पाण्डव मांग रहे बस अपना ही आसन।

पूर्ण किए वे द्यूत में मिला निर्वासन,दो उन्हें अब अपना आश्वाशन।

शांति मार्ग चुनो अब तुम राजन,बनो विश्व में न्याय का भाजन।

दुर्योधन झट खड़ा हो बोला,अपने मन‌ का उसने रहस्य खोला।

बोला इन्द्रप्रस्थ कभी नहीं दूंगा,वो है मेरा मैं ही वहां का राज भोगूंगा।

कोई और प्रस्ताव है तो बताओ,वरना खाली हाथ आप वापिस जाओ।

कृष्ण बोले प्रस्ताव तो और दे दूंगा, किसी भी मूल्य मैं शांति ले लूंगा।

दे दो पाण्डवों को बस पांच ग्राम,चुका दो शांति का बस  इतना सा दाम। 

सुन युवराज बोला कुछ हंस के,मैंने पकड़ी है डोर अब कस के।

दूंगा नही मैं जमीन इतनी भी,चाहे हो वो सुई की नोंक जितनी भी।

केशव बोले क्यों काल को निमंत्रण हो देते,क्यों अपने हाथों मृत्यु हो लेते।

हे मुर्ख क्यों ना तु है समझता,क्यों कुल का तु है नाशक बनता।

ये हठ सब कुछ नष्ट कर देगी,जीवन‌ सबका ध्वस्त कर देगी।

हे राजन‌ तुम समझाओ इस को,युद्ध से कब क्या मिला है किस को।

यह सुन दुर्योधन ‌फिर चिल्लाया,तो युद्ध से हमें तु डराने  आया।

युद्ध के लिए हम तैयार खड़े है,आयुध भण्डार शस्त्रों से भरे हैं। 

हल इसका बस एक है युद्ध ,पहले भी तुम्हें था बताया मैंने खुद।

कहे माधव बुद्धीहीन वो मनुज हो जाता,जिस पर काल है जाल बिछाता।  

क्यों हितैषी जनों की बात ना माने,क्यों कुटुंब का भला ना तु जाने।

बोले अब मैं जाता हूं, इच्छा तुम्हारी पाण्डवों को कह सुनाता हूं।

जो तु मांगे अब वही मिलेगा,अकाल मृत्यु की फांस गले तु लेगा।

बोला दुर्योधन मृत्यु लगे जो तुझे मेरी,कैद तुझे कर उसे बनाऊंगा तेरी।

माधव बोले कैद मुझे तु करेगा, जंजीरों में मुझ को तु जकड़ेगा।

बोले प्रयास कर देख तु यह भी,पूरी कर इच्छा तु अपनी हो जो भी।

युवराज के इशारे पर सैनिक आ घेरे,माधव को बोला ले पूर्ण हुए दिन तेरे।

प्रभु रुप वीराट धर लिया,आकार तुरन्त अपना विशाल कर लिया। 

तीक्ष्ण आभा हर ओर है फैली, प्रकाश ना आंखे किसी की झेली।

भीष्म, द्रोण, विदुर ही देखें उनको,झुकाए बैठे नजरे था अभिमान जिनको।

गर्जन करते हरि बोले,मैं ही शिव हूं,मैं ब्रह्मा हूं,मैं अग्नि हूं,मैं बर्षा हूं।

मैं ही सत्य, मैं सम्पूर्ण हूं, मैं ही सनातन ,मैं ही ओमकार हूं।

मैं इन्द्र हूं, मैं समस्त देव हूं, मैं यम हूं  और कुबेर भी मैं हूं।
 
मैं ही चेतना, मैं ही परमात्मा , मैं हर जीव में हर जीव में मेरी आत्मा।

मैं ही ऋषि हूं, मैं गंधर्व हूं, हर मुनि का तप और तपस्या मैं हूं।

भूख, प्यास, विचार,भावना, बुद्धि,ज्ञान और विज्ञान भी मैं हूं।

मैं ही जल हूं, मैं वायु हूं, मैं ही प्रभाकर, मैं ही सारंग हूं, ऊष्मा और शीतलता मैं हूं।

मैं पर्वत हूं, मैं जंगल हूं, मैं ही नदी हूं, मैं सिंधु हूं, सृष्टि के हर कण में मैं हूं।

देख मुख मेरे में धरती आकाश,हर नक्षत्र देख अतंरिक्ष का वास।

देख यहीं छुपा है लोक पाताल,देख यहीं हैं भूत,वर्तमान और भविष्य काल।

यहां देख जीवन का आदि अन्त, यहीं देख बसी है सृष्टि अनंत।

ये  है मेरा संक्षेप सा परिचय,देख ना पाएगा तु महाकाल सा दृष्य़।

क्या अब भी बांध लेगा तु मुझको,बांध अभी ये चुनौती है तुझको।

सब वहां मुर्छित हुए पड़े थे,बस तीन जन ही हाथ जोड़े खड़े थे।

तीनों वहां आनंदित से खड़े थे, प्रभु का जयघोष वे कर रहे थे।