सत्तू वाली (कहानी)
उस दिन सुबह के 6 बजे थे,मैं इत्मीनान से चाय पी रही थी...अचानक फोन की घंटी बजी। इस तरह सुबह की पहली चाय पीने में कोई खलल डाले, ये मुझे पसंद नहीं।
मैं बड़बड़ाते हुए उठी...."अब इतनी सुबह किसका फोन आया? चैन से चाय पीना भी मुश्किल है।"
मेरा हलो बोलते ही उधर से छोटी बहन रितु की आवाज आयी
"दी सत्तू वाली नहीं रही....." क्षण भर मैं चुप रह गई। फिर धीरे से बोली..."ऐसा होगा,अंदेशा था मुझे"।
उस दिन यंत्रवत मैं घर के सारे कामों को निपटाती रही,पर आँखों के सामने सत्तू वाली ही घूमती रही।
मेरे ज़ेहन में 20 साल पहले की यादें ताजा हो गई।उस वक्त मेरे यहाँ फ़िलहाल कोई काम करने वाली नहीं आ रही थी। माँ की खोज जारी थी। कभी कोई पहचान वाले लेकर भी आते तो काम वाली के ही सवाल शुरू हो जाते "कित्ते कमरे होंगे? घर में आदमी कित्ते हैं? बर्तन तो जादे ही होंगे? गेस्ट भी आबत होंगे?वगैरह वगैरह.....
इन उटपटांग सवालों से माँ की त्योरी चढ़ जाती। "नहीं तुम मत आना काम पर। आदमी गिनने वाले से हम काम नहीं कराते"।
माँ मना कर देती।
गर्मी की दुपहरी में खा-पीकर घर के सारे लोग आराम कर रहे थे, तभी एक अधेड़ उम्र की औरत सर पे पल्लू डाले सकुचाई सी मुख्य द्वार से अंदर आयी....क्या बात है? किससे मिलना है?
सुनकर बोली "पता चलल कि इहाँ काम वाली के जरूरत बा मालकिन। हमहुँ काम ही खोजत हैं।आप ही रख लेते त अच्छा रहत"।
कहाँ रहती हो? मतलब घर कहाँ है तुम्हारा?
मालकिन सड़क के पार वाली गली में हमार घर है।इहाँ हमार पीहर है। हमार कोउ सगा भाई बहन नइखे रही त माँ-बापू इहें बसा लेलन।
उसकी इच्छा तो और भी बातें करने की थी।लेकिन माँ को उससे काम के बारे में तसल्ली करनी थी। पूछा-"कितने घर काम करती हो?
"कहीं और नहीं करते मालकिन। कभी किए नहीं। हम सत्तू तैयार करते और बेचते हैं। आजकल कुछ तंगी जादे है मालकिन,इहे खातिर काम करे के जरूरी बा।"
"कमरा,आदमी सब गिन लो। गेस्ट भी आते-जाते रहते हैं।"
ना ना मालकिन अइसन कोउनो बात नइखे। भगवान के आशीर्वाद रहे। परिवार भरल-पूरल रहे। अपन परिवार के पास ही मेहमान भी आबत हैं।"
उसकी इन्हीं बातों ने माँ का दिल जीत लिया। माँ का उसे चाय पीकर जाने के लिए कहना ही साबित कर दिया कि माँ उससे पूरी तरह संतुष्ट हो गई।
दूसरे दिन सुबह से ही माँ सत्तू वाली का इंतजार करने लगी। हल्की सी भी आहट होती तो उसकी नज़रें द्वार तकने लगती।
सुबह के करीब 8.30 बजे सत्तू वाली आयी,उसके साथ 20-21 साल की बेहद खूबसूरत विवाहित युवती भी थी। डेढ़-दो साल का एक बच्चा भी साथ में था।
आते ही उसने परिचय कराया "मालकिन इ हमर बेटी है मुनिया औ इ हमर नाती।"
मुनिया को देखकर अंदाजा लग गया कि बहुत जल्द ही वह दूसरी संतान की माँ बनने वाली है।
हमारे चेहरे के आते-जाते भाव को शायद सत्तू वाली ने पढ़ लिया। "मालकिन इ त एकदम से अपन बाप पर गेल हय। हमर मरद बहुते सुंदर रहे। चाल-चलन भी बहुते बढ़िया। मुनिया के दस दिन बाद गौना होबे के हय।मिलवाय के खातिर ले आए।"
मुनिया काफी सलज्ज,शालीन स्वभाव की लग रही थी।माँ ने उसे चाय-नाश्ता कराया। बहुत जल्द ही सत्तू वाली हम सब से घुल मिल गई।
मां के साथ उसके जो स्नेह संबंध बने,वह 20 सालों तक अनवरत बने रहे।
उसने अपने बारे में जो भी बताया उससे यही मालूम हुआ कि उसने बहुत मेहनत से अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। पति ठठेरा था। घूम-घूमकर बर्तन बेचता था। अपनी पत्नी को बहुत मान देता था। हर सुख-सुविधा जुटाने में लगा रहता। कहता..."मेरे दोनों बच्चे गोपाल और मुनिया खूब पढ़ेंगे,बर्तन नहीं बेचेंगे। मेरी मुनिया को तो नौकरी वाला लड़का ब्याह कर ले जाएगा....।"
पर नियति को कुछ और ही मंजूर था। उस दिन दिवाली की रात बच्चों और पत्नी के साथ पटाखे छोड़े,मिठाई खाई...पर सुबह का सूरज नहीं देखा। अचानक रात में तबियत बिगड़ गई। डॉक्टर के पास पहुँचने से पहले ही चल बसा।
सत्तू वाली पर मानो विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। ईश्वर ने उसका सब कुछ छीन लिया। हाय! अब मुनिया को कोई नौकरी वाला लड़का कैसे ले जाएगा? बच्चे कैसे पढ़ेंगे? शोक से विह्वल इस अबला को कहीं से भी रोशनी की किरण नहीं दिखाई दे रही थी। पर सामने दो बच्चे...उनके आँसू, उनकी भूख ये सब एक माँ के लिए देखना असंभव था। स्वाभिमानी सत्तू वाली ने किसी के सामने अपना हाथ नहीं फैलाया।
खुद मेहनत करके बच्चों का पेट भरा। रद्दी के भाव अख़बार खरीदकर लाती। रात में उसका ठोंगा(कागज की थैली) बनाकर सुबह पास के दुकानों में बेचती।शुद्ध सत्तू तैयार करती,फिर घर-घर जाकर बेचती। कुछ ही दिनों में आस-पास के इलाकों में सत्तू वाली के नाम से प्रसिद्ध हो गई।
बच्चे कुछ बड़े हुए तो स्कूल भी जाने लगे। पर,समयाभाव के कारण बच्चों को समय नहीं दे पाती। बेटा गोपाल की संगति बुरे लड़कों से हो गयी। स्कूल न जाकर दिनभर इधर-उधर घूमता। जुआ खेलता... शराब भी पीने लगा। किसी न किसी बहाने माँ से पैसे ऐंठता। लेकिन एक माँ का हृदय जो ठहरा...सबकुछ समझते हुए भी बेटा का यूँ गलत राह पर चल पड़ना नहीं दिखा।
समय बीतने लगा। यौवन की दहलीज़ पर पहुँचते ही सत्तू वाली ने अपने दोनों बच्चों का ब्याह करा दिया।
मेरे घर काम करते हुए मुश्किल से महीने दिन बीते होंगे कि एक सुबह सत्तू वाली फफकते हुए आयी। उसके मुँह से बोल नहीं फूट रहे थे। बहुत मुश्किल से बता पायी कि मुनिया चल बसी। एक रात शराब पीकर उसका पति उसे बहुत पीटा। बच्चा पेट में ही मर गया। दो दिन तक मुनिया दर्द से छटपटाती रही,लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर के पास ले जाने का कोई फायदा नहीं हुआ, मुनिया बचाई नहीं जा सकी। सत्तू वाली की वेदना असह्य थी। महीने दिन तक उसकी आँखें सूजी रही। मुँह में साड़ी का पल्लू ठूंसकर रोती ताकि कोई उसका रोना सुन न सके।
उसे अपने बीते दिनों की याद आती। कितने यत्न से उसने अपने बच्चों को बड़ा किया था। कभी उन्हें अभाव महसूस नहीं होने दिया। मुनिया के ब्याह में औकाद से ज्यादा खर्च किया। पति के फोटो के पास जाकर कहती "नौकरी करते लड़का त नइखे मिलल,पर घर-परिवार बहुते बढ़िया बा। मुनिया के बहुते सुख होइ। "
धीरे-धीरे समय बीतने लगा। आए दिन गोपाल पैसे के लिए घर में हंगामा खड़ा करता। बहु विरोध करती,तो उसे भी मारता। उसे पति का जुआ खेलना, शराब पीना बिल्कुल पसंद नहीं था। पर,माँ कहती "हमर गोपाल दिल के बहुते भोला रहे। लोग-बाग बहका देलन। ई कुलच्छनी शराबे बर्बाद कर देलक हमर लइका के।" सच ही कहा गया है,पूत कपूत हो सकता है,पर माता कभी कुमाता नहीं हो सकती।
उसके हमारे घर काम करते हुए हम सभी भाई- बहनों के ब्याह हुए। सबको नेग और आशीर्वाद देने में सत्तू वाली हमेशा अग्रणी रही।
अब उसका शरीर भी थक चुका था। पोता बड़ा हो गया। बहुत ही लायक और मेहनती लड़का था। शुरू में एक सेठ के यहां नौकरी किया,फिर कुछ पूँजी जमाकर किराना का एक दुकान खोल लिया। कुछ ही दिनों में दुकान की बिक्री भी बढ़ गई। उसे अपनी आयी(दादी) का बहुत ख़्याल रहता। अब सत्तू वाली घर में ही रहती। अशक्त हो गयी थी। कभी-कभार मिलने आ जाती।
मैं भी अपने पति के साथ दूसरे शहर आ गई। सभी अपने अपने काम-धंधे में मशगूल थे। अचानक एक दिन घर से फोन आया....गोपाल नहीं रहा। उसे करीब तीन महीने पहले मुँह का कैंसर हो गया था।
मेरे मुँह से निकल पड़ा..."हे ईश्वर! इस दुख को देखने से पहले ही उस अभागन माँ को क्यों नहीं अपने पास बुला लिए?"
ऐसा लग रहा था कि इस धरती पर वह बेचारी सिर्फ़ कष्ट भोगने ही आयी थी। बेटे की मौत पर आँसू के एक बूँद भी नहीं गिरे। घर के सारे लोग रो-चिल्ला रहे थे,पर सत्तू वाली बुत बनी बैठी रही।
दाह-संस्कार से लौटकर रात में सब आए। सुबह सत्तू वाली का बेज़ान शरीर पड़ा था,गोपाल और मुनिया की तस्वीर सीने से लगाए.....।
#नीलू_चौधरी
