अनेक वसंत को कर चुकी विदा
 मैं दो बच्चों की माँ हूँ, पर
आज भी मेरी माँ देती है मुझे
अनेकानेक नसीहतें,
करती है परवाह उस  बच्ची की तरह
जो नहीं समझ पाती दुनियावी
दांव पेंच को।
रहती है फिक्रमंद कि कहीं
इस खुदगर्ज समाज में
चोटिल न हो जाए मेरा मन...
जब भी मैं कहती हूँ 
बच्ची नहीं हूँ न माँ!
माँ मुस्कुराते हुए कहती है-
"माँ के सामने तू बच्ची ही रहेगी"

अब मेरी बेटी भी मेरी नसीहतों से उकता
कहती है मैं बड़ी हो गई हूँ माँ!
मैं निःशब्द मुस्कुरा भर देती हूँ
यह सोचकर कि हमेशा 
बच्ची ही रहेगी तू अपनी माँ के सामने
और ये बातें सिर्फ मैं नहीं
पीढ़ियों से सभी माएँ कहती आयी हैं
अपनी बेटियों से।
फ़िक्र के इस पुश्तैनी पौधे को
सभी माएँ खाद पानी
देकर पल्लवित करती आई हैं
अपनी बेटियों के लिए।
~नीलू