आईने में खुद को देख

मैं ठिठक गई

दिख गए मुझे मेरे

सफेद होते बाल और

चेहरे पर इधर-उधर

उभर आयी महीन रेखाएं।

क्या मेरी आयु क्षीण हो रही है?

क्या मैं शनैः शनैः बढ़ रही हूँ

बुढ़ापे की ओर?

सच!

मैं पल-पल मृत्यु के

नजदीक जा रही हूँ...

पनिया गई मेरी आँखें,

सूख गए मेरे कंठ।

मैं मृत्यु के कटु सत्य से

काफी दूर...

जिंदगी को जी रही थी

भरपूर...

तभी 

मेरे अंतर से आयी आवाज

"बस पुराने को उतार

नया आवरण धारण करना है,

मृत्यु से क्या डरना है?"

डर हो गया तिरोहित।

धूप में नहीं...

उम्र की भट्ठी में सफेद

हुए मेरे बाल

लगता है काफी

अनुभवी हो गई हूँ मैं!!!

~नीलू