मैं जानती हूँ मैं मानती हूँ मैं न समाधान होने वाली अंतहीन समस्या हूँ ... क्योंकि मैं एक लड़की हूँ। जब मैं पैदा हुई ना खुशियाँ ला सकी ना गम ज्यों-ज्यों बड़ी होती गई समस्या बनती गई खुद के लिए, परिवार के लिए .... क्योंकि मैं एक लड़की हूँ। मैंने देखा है अपने पिता को कड़ाके की सर्दी में, चिलचिलाती धूप में और मूसलाधार बारिश में लड़के वालों के दरवाजे पर गिड़गिड़ाते हुए, जिंदगी भर की कमाई लुटाते हुए किन्तु, इस अपमान को मैं चुपचाप सहती हूँ .... क्योंकि मैं एक लड़की हूँ। मैंने देखा है अनगिनत मासूमों को दहेज़ की बलिवेदियों पर चढ़ते हुए आखिर कब तक सहना होगा दहेज़ दानवों का वार कब बंद होंगे ये अत्याचार लड़ना चाहती हूँ इन कुप्रथाओं के खिलाफ उड़ना चाहती हूँ विस्तृत नभ में एक उन्मुक्त पंछी की तरह किन्तु, झूठी मर्यादा के बंधन से बंधी मैं विवश हूँ, लाचार हूँ ... क्योंकि मैं एक लड़की हूँ।