हाँ गलत थी वह, बिल्कुल गलत
नहीं सीखा था उसने छल-कपट,
नहीं पहचान पायी थी प्रपंची जमाने को।
निश्छल,निर्दोष होना ही उसकी
सबसे बड़ी सजा थी
तभी धोखा मिला था पति से।
परित्यक्ता कहलाई जमाने से।
परित्यक्ताएं लौट आती हैं मायका
वह भी लौट आयी पितृ गृह को
जो अब उसका नहीं,
सिर्फ भाई का था,
बाप और भाई दिल से थे कंगाल
सर पर नहीं रख पाए
सांत्वना के हाथ....
नहीं दिला सके भरोसा कि
तुम नहीं हो अकेली
हम सब हैं तुम्हारे साथ...
"पति को संभाल नहीं पाई,तभी तो उसने
अपनी प्रेमिका से शादी रचाई.."
माँ के इस चारो पहर के तानों से
लहूलुहान हुआ उसका अन्तर्मन,
उसके अंतस के मौन हाहाकार को
नहीं सुन सके उसके अपने...
अपनों के दिए ज़ख्म पर
साहस का मरहम लगा एक दिन
लांघ गई उस देहरी को
जहाँ कभी आबाद था उसका बचपन ।
टूट कर बिखर चुकी वह खुद को
शनैः शनैः संभालने लगी थी।
शातिर नजरों को पहचानने लगी थी
जीने के लिए उसने बहा दिया
आँसुओं के साथ अपने भोलेपन को।
अब वह अपनी शर्तों पर
जीने लगी थी....
औरतों का अपनी शर्तों पर जीना
कहाँ मंजूर है भला एक
सभ्य समाज को?
लगा दिया उसके माथे पर
ठप्पा चरित्रहीन का।
#नीलू_चौधरी
