नमन काव्यांचल ?

 

आ जरा सुन जिंदगी मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं

 

तुम हसीं ये दिल तुम्हीं पर आ गया

रूप तेरा इस नजर को भा गया

मैं शलभ हूँ,हो दिया मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं।

 

मैं रहूँ मदहोश तेरे प्यार में

छोड़ना मुझको नहीं मझधार में

ले चलो पतवार हो मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं।

 

इश्क करना है खता तो कर चुका

इस गरल को मैं सहज बन पी चुका

कुछ करो अब हो दवा मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं।

 

मैं पिपासित प्रेम रस मुझको पिला

दग्ध है उर प्रेम में,अब मत जला

मुग्ध तुझपर हीर हो मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं।

 

सात जन्मों का लगा ये साथ है

हाथ में तेरा जो आया हाथ है

हूँ पुजारी अर्चना मेरी तुम्हीं

चाँद हूँ मैं चाँदनी मेरी तुम्हीं।

 

~नीलू चौधरी (बेगूसराय,बिहार)