स्त्री अब डरती नहीं है

खींची गई लक्ष्मण रेखा को

मिटाने से।

अनवरत डराए जाने से

डर को जीत चुकी स्त्री

ढीठ हो गई है।

माँ की कोख में ही मिटा डालने की

साजिश से भयाक्रांत,

सहने की अचूक क्षमता को

धारण कर इस धरा पर

स्त्री अवतरित हुई।

सिलसिला जारी रहा उसे 

डराए जाने का।

मलिन मुख,डबडबाई आंखें,सिले होठ

जीती रही स्त्री।

घोंघें के सदृश खुद को चुप्पी के

कठोर आवरण में बंद कर सहती रही

प्रहार....

कभी देह पर,कभी सौंदर्य पर,

कभी चरित्र पर,कभी मन पर....

शायद सम्पूर्ण अस्तित्व पर...

बारम्बार प्रहार...

टूट गया कठोर आवरण,

चुप्पी तोड़ती हुई अवतरित हुई 

 एक आजाद स्त्री।

जिसका मुख है आत्मसम्मान से दीप्त और

आँखें भयमुक्त।

कुचले जाने के बावजूद गर्दन ताने 

खड़ी स्त्री लहलहाती,

हर जगह उग आती है

हरित दूर्वा की तरह।

#नीलू_चौधरी