हर दौर में अपमानित
होती रही नारियाँ
अब और नहीं...
अहिल्या को उद्धार के लिए
युगों तक करना पड़ा इंतजार
सीता को देनी पड़ी अग्निपरीक्षा
भरी सभा में पांचाली की
इज्जत हुई तार-तार।
अपने अस्तित्व को बचाने की
जद्दोजहद में
आज भी पिस रही हैं
घुट रही हैं नारियाँ।
बहुत सह चुकी अत्याचार
अब और नहीं...
मानसिक पीड़ा से गुजरे
हर पल का,
शरीर से बहे रक्त के
हर कण का,
आँसू की हर बूँद का
हिसाब लेंगी नारियाँ।
जुल्म के लिए उठे हर हाथों को
काट डालेंगी,
पुरुषों में पल रहे
पौरुष के दंभ को
कुचल डालेंगी,
भस्म कर देंगी
चुन-चुन कर प्रत्येक रावण को।
चुक गई सहने की क्षमता
अब और नहीं.....