आसमां की छत पे चमक रहें हैं.
कुछ तारे
और चमक रही जुगनू सी
कुछ बत्तियां
मुंडेरों पर लटकी हुई सी
. कितने सपने बिखरे -बिखरे
उनकी रौशनी में
एक चाँद लकीर सा
फिर रहा होगा
बादलों की तहो में
उकेरता हुआ
रास्ता
ख्वाबो
को पाने का
कौन जाने
कौन कौनसा
रास्ता अख्तियार कर
अमावस की रात में
सबसे छुपते छुपाते
मिलने जाना चाहे
महबूब को
स्याह चादर ओढ़े
और बुक्कल मारे
एक ख्याल
सोया है
चाँद के इंतज़ार में
करने को अठखेलिया
दीप अँधेरे में
आस का जलाए
दहलीज़ पर सपने सजाए
धूम धड़ाके के शोर में
आसमा में बिखरी चिंगारियों की राख
अपने सीने में दबाये
रात जागती है
अमावस को भी
पूनम को भी
अकेले टकटकी लगाए
बार बार चाँद के गायब होने
और फिर से प्रकट होने से
जिंदगी को परिभाषित करती
खुशियों को बुरी नजर से बचाती
गमो की नजर बार बार उतारती
सुबह क्या पकेगा का मीनू बनाती
रात सिर्फ एक रात ही बनी रह जाती है
चाहे वो अकेले होने की रात हो
या किसी ख़ास मौके की
कुछ आँखे भूल गयी है
वक़्त पर सोना और जागना