वस्ल की शर्त निभाने की इजाज़त न मिली।
हमें इक शम्अ बुझाने की इजाज़त न मिली।
उन को सोने की इजाज़त नहीं थी और हम को,
नींद से उन को जगाने की इजाज़त न मिली।
रात को हम से इजाज़त न मिली जाने की,
रात से सुब्ह को आने की इजाज़त न मिली।
राएगाँ हो गए कितने ही समुंदर जाने,
और हमें प्यास बुझाने की इजाज़त न मिली।
राएगाँ : व्यर्थ
आइना देखने की हम को इजाज़त है मगर,
कभी औरों को दिखाने की इजाज़त न मिली।
हम को तो ठीक से मिस्मार भी होने न दिया,
जश्न-ए-तख़रीब मनाने की इजाज़त न मिली।
मिस्मार : ध्वस्त
जश्न-ए-तख़रीब : विनाश का उत्सव
किसी को ख़ून बहाने से भी रोका न गया,
किसी को अश्क बहाने की इजाज़त न मिली।
ज़िंदगी को न इजाज़त मिली जीने की और,
मौत को लाश उठाने की इजाज़त न मिली।
इक दिवाने को दिवाने की तरह रहना है,
इक ज़माने से ज़माने की इजाज़त न मिली।
नवीन जोशी 'नवा'

