चाहने से तेरे आबाद नहीं होंगे हम।

इतनी आसानी से बरबाद नहीं होंगे हम।


ये मोहब्बत है सलासिल ये मरासिम ज़िन्दान,

इन के रहते कभी आज़ाद नहीं होंगे हम।


सलासिल : बेड़ियाँ

मरासिम : रिश्ते-नाते

ज़िन्दान : कारागृह


ऐ परिंदे तेरी रानाई तो परवाज़ में है,

तेरे कहने से भी सय्याद नहीं होंगे हम।


रानाई : सौंदर्य 

परवाज़ : उड़ान

सय्याद : बहेलिया


नहीं निकलेंगे ज़बाँ से कभी हम ख़ुद अपनी, 

और निकले भी तो फ़रियाद नहीं होंगे हम।


अनमने से वो पलटते हैं हमारे पन्ने,

और कहते हैं उन्हें याद नहीं होंगे हम।


सिर्फ़ औज़ार नहीं बात जुनूँ की भी है,

सिर्फ़ तेशे से ही फ़रहाद नहीं होंगे हम।


इम्तिज़ाज अपने अनासिर का यगाना ठहरा,

फिर से शायद कभी ईजाद नहीं होंगे हम।


इम्तिज़ाज : मिश्रण

अनासिर : तत्व (पंचतत्व)-बहु.

यगाना : अद्वितीय  

ईजाद : आविष्कृत, निर्मित


नवीन जोशी 'नवा'