चुनावों का मौसम
हमने भी अपने-आप को अच्छे से सजाया है....
देश में आजकल, चुनावों का मौसम आया है....
मन से तो दिख नहीं रहा संग में कोई किसीके.....
फ़िर भी यहाँ किसीको साथ किसीका भाया है....
कोई संग अपने लेकर आया है चाह तरक़्क़ी की.....
कहीं कुछ खुले ख़यालों ने मुद्दों को भटकाया है.....
अजीब सी है ये कश्मकश, किस पर करें यक़ीन....
कोई वादे बड़े तो कोई इरादे अनगिनत लाया है....
कोई तलाश कर रहा है वजूद अपना ही कोने में....
और किसीने मक़ाम अपना ख़ूब ऊँचा बनाया है....
यूँ तो हर-रोज़ मुसीबतें रहती हैं आसपास उसके....
पर, इन दिनों ग़रीब ने नेताओं को क़रीब पाया है....
समझकर चलना होगा उलझन भरी इस राह पर....
चेहरों ने बहुत से यहाँ, अदाकारी को अपनाया है....
- नरेश कुशवाहा

