दिल के नज़दीक से गुज़रो तो बता कर जाना
ये भी चाहत की है इक रस्म निभा कर जाना
तुम मुझे छोड़ के जाते हो तो जाओ लेकिन
अपने भेजे हुए ख़त सारे जला कर जाना
क्या बताऊंगा जुदाई का सबब लोगों को
जो हक़ीक़त है ज़माने को बता कर जाना
ताकि तन्हाई से घबराऊँ तो बातें कर लूँ
अपनी तस्वीर को कमरे में लगा कर जाना
तुम ज़माने का भला करने चले हो देखो
कोई 'संतोष' के हक़ में भी दुआ कर जाना