गोद में नहीं समाती अब
वो थोड़ा बड़ी हो गई है
मेरे पैरों से लिपट जाती थी जो
अपने पैरों पर खड़ी हो गई है
उसकी चोटी बनाता था कई बार
अब वो मेरे बाल सहलाती है
लोरियां जो उसको सुनाता था
उनसे अपने बच्चों को बहलाती है
नन्ही सी हथेली फैलाकर जो
चॉकलेट पाने को मचलती थी
चलने पर गिरने को होती और
फिर से चलने को सम्हलती थी
अब मुझे चॉकलेट का लालच दे
घर से बाजार तक ले जाती है
लड़खड़ाऊ तो थाम लेती है
हिफाजत से वापस घर लाती है
वो घर आती है तो कानों में अब भी
किलकारी की आवाज सी आती है
पायल सी मानो बजती हर कोने में
मुझे यादों के गहरे समुंदर में डुबाती है

