तमस में भटकते राही को
वो सुगम रास्ता दिखा देता
संशय के अंधेरों से निकलने का
आसान सा तरीका बता देता
वो तराश कर सड़क के पत्थर
उसे मील का पत्थर बना देता
एक चिंगारी को, हवा दे ज्ञान की,
वो अग्नि प्रखर बना देता
वो जो कीचड़ की मिट्टी को
कुम्हार बन , घट बना देता
लगन हो तो निपट कायर को भी
रण आतुर ,वीर उद्भट बना देता
ज्ञान पिपासा बुझाने को शिष्य की
जो स्वयं को कर देता हवन है
इष्ट देव से भी पहले, गुरु देव को,
नतमस्तक शत शत नमन है ।
नन्दन