मैं उसे चांद कहता था
वो सच में चांद सा निकला
रूखा, रूखा, मरुथल सा
जीवन नहीं है जिसमें
कभी छोटा, कभी बड़ा
एकदम बहुरूपिया सा
भाग जाता रवि की किरणें देख
जैसे आशिक कोई हरजाई सा
पूनम की रात में चमकता
अमावस में विलुप्त
रांझे सा, मज़नू सा, सौदाई सा
मेरी मनुहार से भी न पिघला
वो सच में चांद सा निकला
