उमड़ घुमड़ कर आता बादल
गरज गरज डराता  बादल
आसमान है साफ़ अभी तो 
पल भर में फिर छाता  बादल

बरसा कर जल का सैलाब 
नदियों को उकसाता  बादल 
अंतर की ज्वाला से विद्युत बन
कुदरत को झुलसाता  बादल

इधर उधर दौड़ता आसमान में
जाने किस ओर को जाता बादल
जब चाहे उसको ढक लेता
शशि को इस तरह डराता  बादल 

पर्वतमाला के छू लेता उभार
तनिक नहीं लजाता बादल
कुछ कहो तो बरस पड़ेगा जिद्दी
जल प्रलय का भय दिखाता बादल