लिख रहा हूँ एक गीत अपने मन को,

जो अपूरित कामना को तोल रहा है।


क्या द्रुपद सुता को दाँव पर खेलकर के,

किस युधिष्ठिर ने जीती है बाजी हारी?

लालसाएँ जो रहीं दुर्योधनों की,

क्या कभी अक्षौहिणी कर पायीं पूरी?


अन्ध आँखों में है कहाँ नीति विदुर की,

ये बिखरता हस्तिनापुर बोल रहा है।


चौदह साल वनवास का आदेश यह,

क्या अब किसी राम को मिलता नहीं है?

एक कंचनी देह के मृग पर अब भी,

जानकी का मन क्या डोलता नहीं है?


मन हमारी कामनाओं के पत्र को,

सुरसा के मुख की तरह खोल रहा है।


रे! तू पंछी उड़ता जा रहा गगन में,

क्या तुझे तिनका अभी तक नहीं मिला है?

या कि तेरी इच्छाओं ने कर लिया अब,

आसमाँ के विस्तार से मुक़ाबिला है?


तृष्णा की नीड़ में संतोष रहा कब,

सृष्टि का तो यही भूगोल रहा है।


लिख रहा हूँ एक गीत........

-नकुल गोयल