अक्सर ऐसा होता है, हमे जिनसे मोहब्बत होती है उन्हें हमसे नहीं होती और जो हमसे मोहब्बत करते हैं हम उनसे नहीं कर पाते। पर फिर एक दिन हम भी उनके लिए महसूस करने लग जाते हैं, हमें एहसास हो ही जाता है सच्ची मोहब्बत का, पर जब हमें यह एहसास होता हैं तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। वह हमसे इतनी दूर चले गए होते हैं कि उन्हें पाना नामुमकिन सा हो जाता है। यह कविता उसी एहसास पर लिखी गई है ।



मैं आशिक सिरफिरा सा,

सिरफिरी सी मेरी आशिकी...

लगी तब तलब चाँदनी की,

जब अमावस की रात थी...


ऐसा नहीं था,

उसे मुझसे मोहब्बत नहीं थी...

पर मैं वो सिरफिरा आशिक था,

जिसे देर से हुई थी आशिकी...


वो तो आई थी मेरे पास,

पूनम की रात को...

करके खिड़की दरवाजे बंद,

मैं सो गया था उस रात को...


वो बैठकर सारी रात,

मेरे दरवाजे के पास,

देती रही मुझे आवाज,

चाहती थी कहना एक बात...


पर ओढ़ कर कंबल,

मैं सोया रहा सारी रात...

देखता रहा मैं,

किसी और के ही ख्वाब...


पर जब हुई भोर,

तब चाँदनी भी चली गई...

अपने आँसुओ से,

मेरी देहलीज गीली कर गई...


फिर भी रोज रात को आती,

बस मेरा नाम पुकारती...

मोहब्बत हो गई है तुमसे,

यही बात वो दोहराती...


मैं अनसुना करके उसे,

रोज रात सो जाता...

इश्क नहीं है तुमसे मुझे,

बस यही बात दोहराता...


फिर एक दिन वो ना आई...

ना ही उसकी कोई खबर आई...

पर इंतज़ार में उसके मैंने,

सारी रात जाग कर बिताई...


कभी खिड़की से झांकता था...

कभी दरवाजे से ताकता था उसे...

कभी रो कर बुलाता,

तो कभी जोर से पुकारता था उसे...


पर वो तो काली अंधेरी रात थी...

जैसे कोई अमावस की रात थी...

ना चाँद था ना कोई तारा,

बस उसकी यादों की बारात थी...


ना जाने ऐसा क्यों था...

पर इश्क में उसके कोई तो बात थी...

पर मैं वो सिरफिरा आशिक था,

जिसे देर से हुई थी आशिकी...


इसलिए कहता हूँ...

मैं आशिक सिरफिरा सा,

सिरफिरी सी मेरी आशिकी...

लगी तब तलब चाँदनी की,

जब अमावस की रात थी...


-नैना कौर / @NainaKaur1101