कभी शुष्क थी
शाख यह लहलहाती हुई
झेलकर मार ऋतुओं की
नवअंकुरित फिर हुई
उज्जवलित सूर्य यह
था घिरा तम से पिछले प्रहर
जिस ने खोई नहीं अपनी आभा
विजय लक्ष्य जिसका हो
गिरकर वो हर बार उठता है
थकता नहीं
कष्ट पूछो
छलकती हुई इस नदी का
जब इक मृग लौटा था तृषित यहाँ से
तो हृदय में कितनी दरारें पड़ी थीं
मगर इस ने खोई नहीं अपनी आभा
वो निर्जीव है
जिसपे लगती नहीं मार ऋतुओं की कोई
बताओ कि क्यों फिर
मुझे मेरे प्रति
उदासीनता हो
