क्यों व्याकुल आज है मन
कौन सा संताप है जो
क्षीण करता जा रहा है मेरे मन को
कौन सा भय
जो निरंतर खा रहा मुझ को
कौन सा ऋण है भला वह
जो उतारा ना गया मुझ से
कौन सा भय
कौन सा ऋण
कौन सा संताप है यह
कर गया विह्वल जो मुझ को
कर रहा जो शक्तिहीन!
क्यों चुना मैंने दुखों को
मेरे हित तो जग के सारे पट खुले थे
चाहता जिस पथ से मुस्काता निकल जाता
हाय!
मुझको क्यों निजी लगते हैं जग के कष्ट सारे
क्यों सिवा अपने रखी संवेदना मैंने किसी की
क्यों न जानी रीति जग की
