कठिन समय है,

कठिन समय के

हम सबसे सर्वोच्च शिखर पर

टिके हुए हैं!

शेष नहीं कुछ

कोई प्रलय बची नहीं है

तुम भयभीत न होना साथी

रजनी के इस मलिन दृश्य से,

गीत सुनाउंगा मैं ऐसे

नृत्य करेगी निशा बाँध चरणों में नूपुर

गिर आएंगी झर-झर नभ से

उद्दीपित तारक आवलियाँ

कट जाएगी यह निशि-बेला,


तुम्हें पता है?

गीत रखे हैं ऐसे मैंने

ऋणी रहेगा जिनका यह जग

नहीं चुका पाये सम्भवत:

मेरे अनंत ऋणों का भार,

पूछ रहा है मेरा कवि मन

कविता से सुंदर भी कुछ है?


देखो,

देखो इन विह्वल आँखों में

दूर गगन के भी उस पार

निशा-गर्भ को चीर निकलता तमहर

करता गंधर्वित किरणों से

धरती पर प्रकाश,

धैर्य रखो

धैर्य रखो अब दूर नहीं वो विहान

जब हम अपने नग्न नयन से

देख सकेंगे खिलती कलियाँ

उनकी पंखुड़ियों पर बैठे

नई भोर की नई किरण में

मधुमासित, अभिलाषित अलियाँ

तब हम कोई गीत रचेंगे।