जल-जल,
मत बुझ, मेरे प्रदीप
दिख रही
उषा की डोर समीप
क्या तुझमें वो सामर्थ्य नहीं?
यदि हाँ,
तो जीवन व्यर्थ नहीं?
देख,
सघन तम की बेला में
यह तेरा उज्जवल प्रयत्न
होता विशृंखल
तम का क्रम
औ हुई
निशा तारतम्य-विहीन
साहस में देते सुधा-घोल
चिर-परिचित
ढाढ़स के दो बोल
जब राह तिमिर ने घेरी हो
उस पर संकट की ढेरी हो
औ रात बहुत अँधेरी हो
तो,
ऐ स्वर्णिम रेखा के सूत्र
प्रबल हो तेरी जिजीविषा
बस,
पग दो पग वो भोर समीप
जल-जल,
मत बुझ मेरे प्रदीप।
