इतवार की उनींदी दोपहर
बहुत भाता है अपना घर
टहलते हैं, भटकते हैं,
घूमते रहते हैं हम
जब कहे दिल, जहां चाहे
वहाँ जाते हैं पसर
इतवार की उनींदी दोपहर
बहुत भाता है अपना घर
एक चिड़िया की चहकती
अकेली अनसुनी पुकार
दूर कोई फिर रहा है
मांगता घर-घर कबाड़
सूनी सड़कें, सोती सड़कें
जहाँ तक जाए नज़र
इतवार की उनींदी दोपहर
बहुत भाता है अपना घर
हफ़्ते भर तकते रहे थे
इधर आया, वो गया,
दिन, दुपहरी, शाम बीती
रवि का रवि ढल गया
दिल को अब है काटता
अगली सुबह आने का डर
इतवार की उनींदी दोपहर
बहुत भाता है अपना घर
