चौपट राजा कौन है, कैसे हो पहचान
सब लच्छन हम बांचते, तुम भी लो संज्ञान
तुम भी लो संज्ञान, ज्ञान के वचन सुनाये
राख, रजत, रथ, रेत, एक ही दाम में पाए
बंदर बनकर बैठते, बंद आँख, मुख, कान
बेसुर या सुर या असुर, लगते एक समान
सब भए एक समान, काग-कोयल सब काले
बंद सोच के द्वार, अक़्ल पर पड़े हैं ताले
चापलूस दरबार भर, गाए गौरव गान
और मेहनतकश पा रहे, ज़्यादा काम इनाम
धीमी है सरकार, सरकती कछुए जैसे
तेज़ चले जो लोग, नज़र में आए कैसे
काज करन बस एक-दो, नाचन खड़े हज़ार
भए हाथी के दांत सम, झांकी पर बेकार
झांकी बने हज़ार, करें राजा की सेवा
करें काम ना धाम, मुफ़्त में खाए मेवा
बात समझ में आए तो, ले लो इतना ज्ञान
उल्लू सा बनकर रहो, हो जीवन आसान
