जो व्यवस्था भ्रष्ट हो, फ़ौरन बदलनी चाहिए

लोकशाही की नई, सूरत निकलनी चाहिए

मुफ़लिसों* के हाल पर, आँसू बहाना व्यर्थ है

क्रोध की ज्वाला से अब, सत्ता बदलनी चाहिए

इंक़लाबी दौर** को, तेज़ाब दो जज़्बात का

आग यह बदलाव की, हर वक़्त जलनी चाहिए

रोटियाँ ईमान की, खाएँ सभी अब दोस्तो

दाल भ्रष्टाचार की, हरगिज न गलनी चाहिए

अम्न है नारा हमारा, लाल हैं हम विश्व के

बात यह हर शख़्स के, मुँह से निकलनी चाहिए

_____________________________________________

*मुफ़लिसों (مفلشوں) — ग़रीबों, बेकसों, बेसहारों

**इंक़लाबी दौर (انقلابی دور) — परिवर्तनकारी (क्रान्तिकारी) युग