एक तारा जो है आँख से ओझल,
जिससे ये अंबर रौशन था,
टूट गया है शायद अब वो,
कभी चाँद से जिसका बंधन था ।

जिसकी चमक से चाँद में भी,
चार चाँद लग जाते थे,
यारी की उम्दा मिसाल,
दुनिया को वो दिखलाते थे ।

फिर एक अमावस की रात को,
चाँद ना जाने कहाँ खो गया,
तारा भी कहीं अंबर के किसी,
कोने में जाकर सो गया ।

फिर जब पूनम की रात आई,
तारों की नई बारात लाई,
पर नींद खुली ना उस तारे की,
जिस तारे से चाँद का मिलन था ।

एक तारा जो है आँख से ओझल,
जिससे ये अंबर रौशन था ।
- मुकुल मिश्रा