चलो चाँद के चार टुकड़े करते हैं
एक टुकड़े से रोटी बनाते हैं
पसीने को पानी समझ मेहनत और सपनों से इसे गूंथ डालते हैं
फिर किस्मत के बेलन से बेल कर उम्मीदों के तवे पर चढ़ाते हैं
महत्वाकांशाओं की हवा से कुछ तो फूलेगी
ये काल्पनिक रोटी से आज रात की भूख मिटेगी
दूसरा टुकड़ा हमारा घर हैं
रेत पत्थरो चट्टानों से सजा
सूखा टूटा सुनसान पड़ा
पीठ के बल लेट कर तारों को ताकेंगे
पेट के बल लेट कर धरती पर झाकेंगे
आवाज़ देकर औरो को भी बुला लेंगे
अपनो की बस्ती यहां बसा देगे
तीसरा टुकड़ा रोशनी का टुकड़ा हैं काले घने अंधेरो को चीरती रोशनी
भटके हुए को राह दिखाती रोशनी रोने और हँसने का फर्क मालूम पड़ेगा
चेहरे पर जब मुस्कान और आंसू दिखेगा
चाँद वाला घर जगमगायेगा
चाँद वाली रोटी का स्वाद भी आयेगा
ये टुकड़ा सबसे हसीन हैं
चौथा टुकड़ा हम बेच कर आएंगे
खुब सारे पैसे कमाएंगे
जिनसे तुम्हारे खिलोने आएंगे
मां के लिए साड़ी, खुद के लिए घड़ी
चांदी के बर्तन, मखमली बिस्तर
खूबसूरत चादर, ठंडी हवा रात भर
होटल का खाना, राजा की तरह नहाना
चार पहियों की सवारी, खुशियां बहुत सारी
(बच्चों के सो जाने के बाद, अकेले बुदबुदाते हुए)आंखें मूंदे सो गये, मेरे कुछ अरमान ज़मीन पर
इन्ही के लिये कल फिर निकलना हैं काम पर
अब चाँद तू भी सो जा, क्या करेगा जाग के
कल मिलेंगे तुझस यह ख्वाब मिलाके खाक में
कल और टुकड़े करेगे तेरे, नए ख्वाबो के साथ
भूखी नींद को सिरहाने रख, खुली आँखों के साथ
