मौजों में चाहे, डूब गए हम।
जिंदगी से जैसे, रूठ गए हम।।
फिर भी कब डरते, सैलानी।
बाकी है, अभी हमारी कहानी!
पतझरों में पत्ते, झर-झर झरते।
जननी धरा का, अंक फिर भरते।
टूट-गिरने में जीवन की रवानी।
बाकी है, अभी हमारी कहानी!
नील गगन सब, लील रहा है।
चंदा आँचल में छीज रहा है।
कवि हृदय इसे कहें, रूमानी।
बाकी है, अभी हमारी कहानी!
बूँद टपक कर, खुशी से झूमी।
गर्म तवे पर, ज्यों मौत थी चूमी।
फिर भी अमर रहती, कुर्बानी।
बाकी है, अभी हमारी कहानी!
@मुक्तामणि मुक्ता शर्मा त्रिपाठी
