मैंने उस घाट पर पाप धोता टोला देखा,
अनगिनत कंधों पर गुनाहों का झोला देखा,
ज़हरीली गरीबी वाला बड़ा, अमीर सपोला देखा,
मैंने उस घाट पर पाप धोता टोला देखा।

मैंने उस घाट पर पाप-पुण्य का पंगा देखा,
माया की खाल धोता हर इंसान नंगा देखा,
जन्म-मृत्यु सेतु बना हर आदमी गंजा देखा,
मैंने उस घाट पर पाप-पुण्य का पंगा देखा।

मैंने उस घाट पर भक्तों में गंगा को देखा,
भक्ति-भाव से ओत-प्रोत अर्चक संख्या को देखा,
रोम-रोम विभोर करती सुहावनी संध्या को देखा,
मैंने उस घाट पर भक्तों में गंगा को देखा।