जब भी देखता हूँ तुम्हारी तस्वीर,
हाँ, जब भी देखता हूँ तुम्हारे विभिन्न रूप,
हर बार थम जाता हूँ, क्योंकि तुम्हारे सुंदर होंठ,
सिक्योरिटी गार्ड की तरह,
थे विश्वसनीय, स्थिर, प्रभावी गुलाबी पोशाक में और
लगा जैसे, पूछते हो, कैसे हो साहब,
आजकल इधर नजर आते नहीं?
वैसे तो तस्वीर में लहराती जुल्फ़ उड़ती नहीं,
बस उड़ने की उम्मीदों में अटक कर रह जाते हैं,
और मैं उन केश की धारियों में
उलझ कर कह ही उठता हूँ,
हाय, क्या ज़िंदगी है, पर फिर भी,
उलझते हुए जीना ही खूबसूरत है।
इस तरह निहारते हुए, मीच लेता हूँ आँखें,
और कैसे तो बज उठती हैं मेरे अंदर की तरंग,
मेरे दिल के सुर से भरे संगीत के तार को खींच कर,
तुम तस्वीर में ही, खड़ी, चुपचाप मुस्कुरा उठती हो।
चलो ये भी है, एक अलग तरह की यात्रा,
जिसमें एक संवेदनशील दिल से निकलती तरंग को,
एक तस्वीर, अपने दम पर गुलाबी आभा में बांध देती है।
डूबने के सपने, डूबने का एहसास जो देते हैं
इसलिए तस्वीरें, ज़रूरी होती हैं, जीने के लिए!
- मुकेश

