साथ तेरे चाहिए मुझको सिया सी जिन्दगी
राम मुझको देना ना तुम उर्मिला सी जिन्दगी
एक उसको सोचकर कुछ और सोचा ही नहीं
एक इन्सा पर लुटा दी अच्छी खासी जिन्दगी
जैसा सागर है ये दुनिया एक दिन उबलेगा ही
और फिर उड जाएगी ये बुलबुला सी जिन्दगी
जिन्दगी का फ़लसफ़ा हम कब समझ पाए भला
इक दिए सी जिन्दगी या फिर हवा सी जिन्दगी
शख्स हैं दो जिन्दगी में और उनकी ही दुआ
घर पे रह कर हमने काटी बादशा सी जिन्दगी
कान आँखें बन्द की और लब भी अपने सी लिए
और फिर जीने लगे हम भी खुदा सी जिन्दगी
