जिस धरती पर महिला का सम्मान अगर ना होता है,
वो समाज केवल बातों में ही तो विकसित होता है;
विश्वगुरु बनने के सपने तुम देख भले ही लेते हो,
लेकिन विश्वपटल पर नाम तुम्हारा अंतिम होता है;
कहने को है सब स्वतंत्र पर क्या महिला हो पाई है,
लाज शर्म और चरित्र के प्रश्नों से वो कब बच पाई है;
पुरुषवाद जब हो समाज में महिला एक वस्तु होती,
कभी वस्त्र तो कभी चरित्र उसका विश्लेषण होता है;
कैसा जीवन जीना है उसको क्यों कोई बतलाएगा,
दूषित सोच का जिम्मा भी क्यों उसके उपर आएगा;
कहने से ही बेटी क्या पढ़ कर आगे बढ़ जाएगी,
बेटी के आगे बढ़ने का संघर्ष जनक का होता है;
जिस धरती पर महिला का सम्मान अगर ना होता है,
वो समाज केवल बातों में ही तो विकसित होता है।
