जीवन का नया किरदार मुबारक हो तुम्हें,
दुआ है मेरी हर दुआ लग जाये तुम्हें,
अच्छे बुरे हर मोड़ पे हमसफर का साथ नसीब हो तुम्हें,
मैं अब भी तुम्हारी बहन हूं, बस ये भूल न जाना कभी।
अपनी हर कठिन तपस्या का फल माना है माँ ने तुम्हें,
अब बुढ़ापे का उनका गुस्सा सहन कर लेना तुम भी,
बिन कहे हर जरूरतों को पूरा किया है पिता ने,
अब बिन कहे ख्वाहिशों को उनकी समझ लेना तुम भी।
बेशक तुम्हारे अब नये फर्ज़ होंगे,
जिन्हें दिल से तुम्हें निभाने होंगे,
वादा है, पहली सी उलझन न बनूंगी मैं कभी,
मैं अब भी तुम्हारी बहन हूं, बस ये न भूल जाना कभी।
बेशक तुम्हारी हर बात में अब मेरा जिक्र न होगा,
तुम्हारी हर खुशियों का तोहफा मेरे लिये ही न होगा,
वादा है, इसका अफसोस भी न होगा मुझे कभी,
मैं अब भी तुम्हारी बहन हूं, बस ये न भूल जाना कभी।
बेशक पहली सी जंगें न होंगी हमारी,
मेरे हर मौके पे शिरकत भी न हो पायेगी तुम्हारी,
वादा है, तब भी पहली सी याद सजाना न भूलूंगी मैं कभी,
मैं अब भी तुम्हारी बहन हूं, बस ये न भूल जाना कभी।
