चलो फिर वही पुराना व्यापार शुरू करते हैं

असल जुबानें काट लेते हैं, देखने के लिए अब लटकी रहेंगी बस,

लार अब और भी टपकेगी उनसे

रूहें ख़रीद लेते हैं, खोखले शरीर घुमते रहेंगे आस पास,

इंसान की खुशबू वाला इतर छिड़क देंगे उनपे क्या मुर्गे लड़ाते हो, धर्मों का मल्लयुद्ध कराओ तो जाने

वो जो अनाज उगाने वाला तिल-तिल के मरता था, बिलकुल मज़ा नहीं आता था

आज पेड़ पे लटका है, फावड़ा अब भी छूट नहीं रहा है हाथ से उसके,

एकदम से मर जाता है आज कल , इसमें तकलीफ ज़्यादा नहीं होती होगी

कब्रिस्तान तक ले जाने में मेहनत बहुत थी, अब ज़िन्दा गाड़ देने की स्कीम आई है

अब चार कन्धों पे नहीं, कई सारे कन्धों पे तुम्हे उछाला जायेगा,

गले में तुम्हारी खून पसीने से कमाई कार का टायर लटकाया जाएगा

कट्टरता की आग से मशाल जलेगी, जाने-अनजाने चेहरों के बीच दहन कर दिए जाओगे

लड़कियां छेड़ने में सुकून कहाँ मिलता है अब,पूरे हक से, डंके की चोट पे,

बलात्कार होगा तब जा के आका के चेहरे पे मुस्कराहट आएगी

सस्ता नशा कर के कहाँ पड़े रहते हो तुम, आओ सत्ता का नशा करते हैं

खरीदते हैं लोगों की ज़मीन और ज़मीर, करते जाते हैं बड़ी तेरे-मेरे बीच की वो लकीर

लड़ मरेंगे साले सब, लेकिन वो रह जायेगा,

जो उसको मारेगा फिर वो सत्ताधारी कहलायेगा

चलो फिर वही पुराना व्यापार शुरू करते हैं.