शीर्षक --- जो बीत गया….



रहने दो !

अब उस बारे में क्या बात करनी है !

भुला दो उसे !

जाने भी दो !

क्यों पुराने ज़ख़्म कुरेद रहे हो !

अब इन बातों में क्या रखा है !

इन जैसे ना जाने कितने ही वाक्य और शब्दांश एक व्यक्ति को उस समय बोले जाते हैं , जब वह अपने अतीत की यादों में खो जाता है या उसका अतीत उसके वर्तमान को प्रभावित करने लगता है। हर इंसान मानो एक अच्छा सलाहकार बनकर अतीत की परछाई को भी अपने ऊपर ना पड़ने की सलाह देने लगता है।

यह सत्य है कि यादों में और अतीत में इंसान जीवित नहीं रह सकता। वर्तमान और भविष्य ही उसके जीवन की सच्चाई है। इंसान जब तक पीछे देखता रहेगा , वह अपने सामने कभी भी नहीं देख पाएगा और कहीं ना कहीं ठोकर खाकर गिर ही जाएगा। वर्तमान में जीना ही ज़िंदगी का सच है। अतीत वापस नहीं आ सकता।

तो अब क्या अतीत को बिल्कुल नज़रअंदाज कर दिया जाए , ना उससे कुछ सीखा जाए, ना ही उसके बारे में बात की जाए, मैं इस पक्ष में नहीं। अतीत को देखना उतना ही ज़रूरी है जितना भविष्य के लिए आगे देखना। यदि इंसान पीछे मुड़कर देखेगा नहीं तो सीखेगा क्या ? उसकी गलतियां कैसे सुधरेंगीं ? जो हो गया, सो हो गया ,यह सोचकर जी लेना उतना ही गलत है , जितना यह सोचना कि जो होगा देखा जाएगा, क्योंकि इंसान के लिए हमेशा तैयार रहना ज़रूरी है। यह तैयारी तभी की जा सकती है, यदि भूतकाल को साथ लेकर चला जाए। क्या गलतियां कीं , किन लोगों ने धोखा दिया, किन से सीखा, किन्हें नज़रअंदाज करना है , ये सारी बातें तभी संभव हैं यदि हम आगे चलें और हल्का सा पीछे भी मुड़ कर देखें।

मेरा यह शब्दांश "हल्का सा पीछे मुड़कर देखें" बहुत मायने रखता है, यह पीछे मुड़ने के लिए भी कहता है लेकिन एक हद तक। मैं भूतकाल को बिल्कुल जीवन से निकाल देने के पक्ष में नहीं हूं लेकिन मैं इस बात का पक्ष भी नहीं लेती कि व्यक्ति पीछे ही देखता रहे और आगे ना बढ़े और जाने-अनजाने में भविष्य में ठोकरें खाए। भूतकाल इंसान के जीवन का हिस्सा है और हमेशा रहेगा। इंसान किस से सीख सकता है ? इस प्रश्न का सीधा उत्तर है, अपने जीवन के भूतकाल से। पीछे क्या हुआ , यह जानकर ही आगे क्या हुआ होगा इसे निर्धारित किया जा सकता है। मान लीजिए हम कोई चित्रकारी करते हैं और अनजाने में सस्ते या गलत रंगों का इस्तेमाल करने के कारण हमारा चित्र ख़राब हो जाता है, अब जब हम वर्तमान और भविष्य में चित्र बनाएंगे , तो भूतकाल की अपनी इस गलती को याद रखेंगे और फिर कभी भी उन रंगों का प्रयोग नहीं करेंगे।

यही मेरा आशय है, भूतकाल में देखना गुनाह नहीं है , बल्कि भूतकाल में जीना भूल है। पीछे ज़रूर मुड़कर देखिए, सीखिए और वर्तमान और भविष्य को संवारिए। निश्चित ही भूतकाल में झांकना है या नहीं, यह चुनाव परिस्थितियों के अनुसार किया जाना चाहिए। परंतु मेरे विचार में भूतकाल पर पूरा प्रकाश नहीं डालना चाहिए , बल्कि एक मध्यम रोशनी लेकर उसका मुआयना अवश्य करते रहना चाहिए।