पहली ही मुलाकात में तुमसे मैं क्या कहूं
बेताब ख़यालात में तुमसे मैं क्या कहूं

छाएगा रंग इश्क़ का धीरे से हुस्न पर
सहमे हुए जज़्बात में तुमसे मैं क्या कहूं

शरमा रही हैं नज़रें क्यों देखकर सनम
अब ऐसे सवालात में तुमसे मैं क्या कहूं

मुमकिन नहीं मैं कह दूं दिल सोचता है क्या
बेचैन से हालात में तुमसे मैं क्या कहूं

रब का है ये करम के  यूं मिल गये जो हम
अब उसकी करामात में तुमसे मैं क्या कहूं

ये मंतशा है तेरी वफ़ाओ का आईना
तक़दीर की इस बात में तुमसे मैं क्या कहूं